खेलकूद प्रतियोगिता में बच्चों ने दिखाया दमखम, विजेता खिलाड़ियों को किया गया सम्मानित

JAUNPUR

उजाला / उत्तरप्रदेश

सुईथाकला। पीएम श्री कंपोजिट विद्यालय कोहड़ा के प्रांगण में न्याय पंचायत स्तरीय परिषदीय विद्यालयों की खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन उत्साह और उमंग के साथ किया गया। प्रतियोगिता में न्याय पंचायत क्षेत्र के विभिन्न प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग कर अपनी खेल प्रतिभा, अनुशासन और प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के समापन पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर हुआ शुभारंभ

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं उत्तर प्रदेश मान्यता प्राप्त पत्रकार समिति के सदस्य तथा वरिष्ठ पत्रकार संतोष कुमार दीक्षित ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि प्रधानाचार्य अमित सिंह उपस्थित रहे। विद्यालय परिवार की ओर से अतिथियों को अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।

खेलों से होता है सर्वांगीण विकास

मुख्य अतिथि संतोष कुमार दीक्षित ने कहा कि खेलकूद विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है। इससे बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और आपसी सहयोग जैसे गुण विकसित होते हैं। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के परिषदीय विद्यालयों में प्रतिभाओं की कमी नहीं है। जरूरत है उन्हें उचित अवसर और प्रोत्साहन देने की। ऐसी प्रतियोगिताएं बच्चों को अपनी प्रतिभा निखारने का बेहतर मंच प्रदान करती हैं। विशिष्ट अतिथि अमित सिंह ने कहा कि पढ़ाई के साथ खेलकूद भी शिक्षा का अभिन्न अंग है। खेल बच्चों को शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत बनाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को जीत-हार की चिंता किए बिना खेल भावना से प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए प्रेरित किया।

पुरस्कार पाकर खिले खिलाड़ियों के चेहरे

प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों और टीमों को शील्ड, प्रतीक चिह्न एवं प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया। पुरस्कार पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे। कार्यक्रम का संचालन शिक्षक राकेश यादव ने किया। इस अवसर पर प्रधानाध्यापक गिरीश चंद्र यादव, विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा न्याय पंचायत मोहिउद्दीनपुर क्षेत्र के विभिन्न परिषदीय विद्यालयों के शिक्षक एवं अन्य संबंधित लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *