खेलकूद से बच्चों का होता है सर्वांगीण विकास, ग्रामीण प्रतिभाओं को निखारने का बेहतर मंच हैं प्रतियोगिताएं : विधायक श्यामधनी राही

गरीब शक्ति

जिला संवाददाता जय प्रकाश त्रिपाठी, सिद्धार्थनगर

सिद्धार्थनगर। लोटन ब्लॉक क्षेत्र के बनियाडीह स्थित जनता इंटर कॉलेज परिसर में गुरुवार को ब्लॉक स्तरीय बेसिक बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता एवं सांस्कृतिक समारोह सत्र 2026-27 का आयोजन किया गया। बेसिक शिक्षा परिषद एवं समग्र शिक्षा सिद्धार्थनगर के तत्वावधान में आयोजित प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि कपिलवस्तु विधायक श्यामधनी राही तथा विशिष्ट अतिथि भाजपा मंडल अध्यक्ष डॉ. संजय कुमार शुक्ल ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर पूर्व माध्यमिक विद्यालय पननी की छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का अभिनंदन किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक श्यामधनी राही ने कहा कि खेलकूद प्रतियोगिताएं बच्चों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। खेलों से बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना और आपसी सहयोग की भावना विकसित होती है। ग्रामीण क्षेत्रों में इस प्रकार के आयोजनों से छिपी हुई प्रतिभाओं को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का बेहतर अवसर मिलता है। उन्होंने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए खेल भावना के साथ प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने की प्रेरणा दी। विशिष्ट अतिथि डॉ. संजय कुमार शुक्ल ने कहा कि शिक्षा के साथ खेलकूद भी बच्चों के जीवन में महत्वपूर्ण स्थान रखता है। खेलों से बच्चों का शारीरिक एवं मानसिक विकास होता है। उन्होंने विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ खेलकूद की गतिविधियों में भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने के लिए प्रेरित किया। प्रतियोगिता के परिणामों में प्राथमिक संवर्ग की 50 मीटर दौड़ में प्राथमिक विद्यालय पननी के विकास ने प्रथम, खखरा भेलौजी के पवन ने द्वितीय तथा पननी के व्यास ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। 100 मीटर दौड़ में भी पननी के विकास ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि व्यास द्वितीय और अमन तृतीय स्थान पर रहे। बालिका वर्ग की लंबी कूद प्रतियोगिता में सेमरी सोतियाडाड़ी की आयुषी मिश्रा ने प्रथम, महदेइया की शिवानी ने द्वितीय तथा मानसी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं बालक वर्ग की लंबी कूद में भेलौजी बुजुर्ग के पवन ने प्रथम, नेतवर के निखिल ने द्वितीय तथा हरिवंशपुर के शिवशंकर ने तृतीय स्थान हासिल किया। कार्यक्रम का संचालन शिक्षक विकास चंद्र मिश्र ने किया। इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख आशीष सिंह, खंड शिक्षा अधिकारी प्रदीप कुमार नायक, ब्लॉक व्यायाम शिक्षक रामशंकर पाण्डेय, भाजपा मंडल महामंत्री सतीश वर्मा, रुद्रनारायण पांडेय, विनोद मिश्रा, सुजीत राजभर, मुनीराम राजभर, शिवम विश्वास सहित बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं क्षेत्र के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *