जिलाधिकारी ने माला पहनाकर किसानों का किया स्वागत, धान खरीद का शुभारम्भ

गरीब शक्ति
जिला संवाददाता जय प्रकाश त्रिपाठी

सिद्धार्थनगर। जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने गुरुवार को राजकीय धान क्रय केंद्र, मंडी नौगढ़ परिसर में किसानों को माला पहनाकर धान खरीद का शुभारम्भ किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने किसान लक्ष्मीकान्त, ग्राम करनहां तथा रीता श्रीवास्तव, ग्राम हरदीहवा को माला पहनाकर स्वागत किया। उन्होंने क्रय केंद्र प्रभारियों को निर्देश दिया कि धान खरीद के दौरान किसानों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। किसानों को निर्धारित समय सीमा के भीतर भुगतान सुनिश्चित कराया जाए। क्रय केंद्रों पर किसानों के बैठने के लिए समुचित व्यवस्था के साथ पेयजल की उपलब्धता भी सुनिश्चित की जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि इस वर्ष धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2441 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है। केंद्र प्रभारियों का व्यवहार किसानों के प्रति संवेदनशील एवं सहयोगात्मक होना चाहिए, ताकि किसानों को अपनी उपज बेचने में किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने बताया कि धान खरीद से संबंधित किसी भी समस्या अथवा शिकायत के लिए किसान हेल्पलाइन नंबर 9565772025 पर प्रातः 9 बजे से शाम 5 बजे तक संपर्क कर सकते हैं। जिलाधिकारी ने किसान भाइयों से अधिक से अधिक संख्या में पंजीकरण कराकर सरकारी क्रय केंद्रों पर अपनी उपज बेचने तथा समर्थन मूल्य का लाभ उठाने की अपील की। इस अवसर पर जिला खाद्य विपणन अधिकारी रमेश श्रीवास्तव सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *