जिलाधिकारी ने भारत की जनगणना-2027 के द्वितीय चरण (जनसंख्या गणना) के संबंध में जनपद के मीडिया बन्धुओं के साथ की प्रेस-वार्ता।


संत कबीर नगर (सूचना विभाग)। जिलाधिकारी/प्रमुख जनगणना अधिकारी अनुज मलिक द्वारा भारत की जनगणना-2027 के द्वितीय चरण (जनसंख्या गणना) के संबंध में जनपद के प्रिंट/इलेक्ट्रानिक मीडिया प्रतिनिधियों के साथ कलेक्ट्रेट सभागार में प्रेस-वार्ता की गई।
प्रेस-वार्ता के आयोजन के दौरान सर्वप्रथम जिलाधिकारी सहित जनपद के समस्त मीडिया प्रतिनिधियों द्वारा वरिष्ठ पत्रकार शोभित पांडेय जी के आकस्मिक निधन पर दो मिनट मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना व श्रद्धांजलि दी गई। जिलाधिकारी ने पत्रकार के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए परिवार को यथासंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
जिलाधिकारी द्वारा भारत की जनगणना-2027 के द्वितीय चरण (जनसंख्या गणना) के क्रम में जनपद की जनगणना को सुचारू एवं यथार्थता के साथ संपन्न करने के दृष्टिगत जनगणना से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर तिथिवार विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराई गई।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनगणना के प्रथम चरण में मकानों व घरों की गणना व चिन्हांकन का कार्य किया गया था। उन्होंने बताया कि प्रथम चरण के बाद अब द्वितीय चरण यानी वास्तविक जनसंख्या गणना का कार्य अत्यंत महत्वपूर्ण है, जिसमें प्रत्येक परिवार और व्यक्ति की सटीक जानकारी दर्ज की जानी है।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनगणना का दूसरा चरण 16 नवंबर 2026 से आरंभ हो रहा है जिसमें जनसंख्या/व्यक्तियों की गणना/चिन्ह्यांकन का कार्य किया जाएगा। उन्होंने बताया कि दिनांक 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक‌ स्व-गणना (Self-Enumeration) का कार्य किया जाएगा जिसमें सभी जनपदवासी जनगणना के पोर्टल https://se.census.gov.in पर लॉगिन कर अपनी और अपने परिवार की स्व-गणना स्वयं कर सकते हैं।
उल्लेखनीय है कि स्व-गणना की प्रक्रिया में दिनांक 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक स्व-गणना करने की अवधि में स्व-गणना के पोर्टल/वेबसाइट https://se.census.gov.in पर जाएं, अपना राज्य चुनें और कैप्चा भरें, परिवार के मुखिया का नाम और मोबाइल नंबर दर्ज करें और प्राप्त ओटीपी (OTP) से सत्यापन करें। अपनी पसंदीदा भाषा का चयन करें, डिजिटल मैप पर अपने घर का सही स्थान और लैंडमार्क चिह्नित करें, परिवार के सभी सदस्यों से संबंधित जानकारी व प्रश्नावली भरें और फॉर्म को अंत में सबमिट कर दें।
सबमिशन के बाद 11 अंकों की एक ‘SE ID’ प्राप्त होगी। इसे सुरक्षित रखें और जब जनगणना अधिकारी (Enumerator) आपके घर आएं, तो उन्हें यह आईडी दिखाएं।
जिलाधिकारी ने कहा कि स्व-गणना की प्रक्रिया दौरान पोर्टल पर व्यक्ति की पहचान, शिक्षा, भाषा, रोजगार, जन्म सहित अन्य जानकारियों से संबंधित कुल 40 प्रश्नों को शामिल किया गया है जिसका यथोचित विकल्प प्रत्येक नागरिक को चुनना होगा।
जिलाधिकारी ने सभी प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया के प्रतिनिधियों से अपील की कि वे इस अभियान के प्रचार-प्रसार में अपना सक्रिय सहयोग दें। उन्होंने कहा कि मीडिया के माध्यम से दी गई जानकारी समाज के‌ हर व्यक्ति तक पहुँचती है। यदि आम नागरिक जागरूक होंगे, तो वे प्रगणकों (Enumerators) को सही और सटीक जानकारी उपलब्ध कराएंगे, जिससे जनपद का कोई भी नागरिक छूटने न पाए।
इस अवसर पर जनपद के प्रिंट/इलेक्ट्रानिक मीडिया के सम्मानित पत्रकार, जनगणना प्रभारी सुजीत कुमार, जनगणना सहायक अभय कुमार चौधरी व सूचना अधिकारी सुरेश कुमार सरोज सहित संबंधित अधिकारी आदि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *