बढ़नी/ सिद्धार्थनगर।
दीपावली पर्व को लेकर नगर पंचायत शोहरतगढ़ कस्बे में स्थित आरआर पैलेस में शुक्रवार को ग्राम प्रहरियों का सम्मान समारोह कार्यक्रम आयोजित हुआ। जिसमें विधायक विनय वर्मा और उनकी पत्नी बबिता वर्मा ने 300 ग्राम प्रहरियों को सम्मानित किया।
कार्यक्रम में शोहरतगढ़, चिल्हिया, कठेला समय माता और ढेबरुआ थाना क्षेत्रों के प्रहरी शामिल थे। अपनी पत्नी संग विधायक ने प्रहरियों को उपहार और मिष्ठान भेंट किया।
कार्यक्रम में विधायक विनय वर्मा ने कहा कि ग्राम प्रहरी गांवों में सुरक्षा, सूचना और सामाजिक तालमेल बनाए रखने में मदद करते हैं। उनकी सक्रियता से पुलिस को जमीनी स्तर पर सहायता मिलती है और अपराध व अफवाहों पर रोक लगाने में मदद मिलती है। विधायक ने बताया कि सम्मान समारोह का उद्देश्य ग्राम प्रहरियों का मनोबल बढ़ाना और उनके स्वैच्छिक काम को प्रोत्साहित करना था।
कार्यक्रम में एसडीएम रविश गुप्ता, सीओ शोहरतगढ़ मयंक द्विवेदी सहित थानाध्यक्ष शोहरतगढ़ शेषमणि पाण्डेय, थानाध्यक्ष चिल्हिया पवन कुमार मौर्या, थानाध्यक्ष कठेला समय माता नारायण लाल श्रीवास्तव अपने पुलिस बल के साथ मौजूद रहे। वहीं पुलिस अधिकारियों ने ग्राम प्रहरियों के सहयोग की सराहना की और आगे भी जनसहयोग बनाए रखने की अपील की।
कार्यक्रम में सम्मानित होने वाले प्रहरियों में सत्यनारायण गोस्वामी, मेलालाल, नन्द कुमार, तार किशोर, जयलाल, दयानन्द, मुहम्मद हनीफ, असगर अली, मुन्सी, राजेन्द्र, रामनारायण, कामता, कविता और आरती सहित सैकड़ों लोग शामिल रहे।
विधायक विनय वर्मा ने ग्राम प्रहरियों को किया सम्मानित, भेंट किए उपहार एवं मिष्ठान
