बेलहर। बेलहर कला थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत जंगल दशहर में नवयुवक सेवा संघ के नेतृत्व में हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी मां महालक्ष्मी पूजनोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम को लेकर ग्रामीणों में काफी उत्साह देखने को मिला। पूजा स्थल को आकर्षक ढंग से सजाया गया तथा मां महालक्ष्मी की भव्य प्रतिमा स्थापित की गई।

कार्यक्रम में बेलहर कला थाना अध्यक्ष सर्वेश कुमार द्वारा मां महालक्ष्मी की प्रतिमा की आंखों पर बंधी पट्टी खोली गई इसके पश्चात उन्होंने मां महालक्ष्मी की विधिवत पूजा-अर्चना की और आरती में शामिल हुए। इस दौरान श्रद्धालुओं ने मां के जयकारे लगाए, जिससे पूरा पूजा पंडाल भक्तिमय हो गया।
पूजनोत्सव में गांव सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। महिलाओं, पुरुषों, युवाओं और बच्चों में विशेष उत्साह देखने को मिला। श्रद्धालुओं ने मां महालक्ष्मी के दर्शन कर परिवार की सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
नवयुवक सेवा संघ के सदस्यों ने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। युवाओं के सहयोग और ग्रामीणों की सहभागिता से कार्यक्रम श्रद्धा और उत्साह के साथ शुरू हुआ।
इस अवसर पर पूरे गांव में धार्मिक और भक्तिमय वातावरण बना रहा। नव युवक सेवा संघ सदस्यों ने कहा कि प्रत्येक वर्ष आयोजित होने वाला यह पूजनोत्सव क्षेत्र की धार्मिक आस्था, आपसी भाईचारे और सामाजिक एकता का प्रतीक है।
